पत्थरगड्डी उखाड़ने वालों को चिह्नित कर अभियोग पंजीकृत कराएं: एसडीएम मोंठ
मोंठ : उपजिलाधिकारी मोंठ अवनीश तिवारी ने राजस्व टीम को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत की सीमांकन हेतु की गई पत्थरगड्डी को नुकसान पहुंचाने वालों को तत्काल चिह्नित कर उनके खिलाफ नियमानुसार मुकदमा दर्ज कराया जाए।
एसडीएम ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्व ग्राम समाज की भूमि , निजी भूमि पर किए गए सीमांकन के चिन्ह यानी पत्थरगड्डी को जानबूझकर उखाड़ रहे हैं, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है। यह कार्य पूरी तरह से अवैध और शासकीय कार्य में बाधा की श्रेणी में आता है।
उन्होंने लेखपालों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी गांव में पत्थरगड्डी उखाड़ने की सूचना मिलते ही मौके पर जाकर जांच करें और दोषियों की पहचान कर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं। साथ ही संबंधित भूमि का पुनः सीमांकन कर पत्थरगड्डी दोबारा कराई जाए।
एसडीएम ने कहा कि राजस्व कार्यों में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी।
