मोंठ में शिव धाम मंदिर में खेली गई फूलों की होली, भजन-कीर्तन से गूंजा परिसर।
मोंठ: कस्बे के कटरा बाजार स्थित शिव धाम मंदिर में गुरुवार को भक्तिमय वातावरण के बीच फूलों की होली खेली गई। मंदिर प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान शिव की भक्ति में सराबोर होकर उत्साह के साथ फूलों की होली का आनंद लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शिव और माता पार्वती के विधिवत पूजन-अर्चन से हुई। इसके बाद भजन मंडली द्वारा शिव भजनों और फाग गीतों की प्रस्तुति दी गई, जिस पर श्रद्धालु झूम उठे। भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे पर रंग-बिरंगे फूलों की वर्षा कर होली खेली। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर फूलों की खुशबू और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा।
आयोजकों ने बताया कि फूलों की होली प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक है। इसमें प्राकृतिक फूलों का उपयोग किया जाता है, जिससे पर्यावरण को भी कोई नुकसान नहीं होता। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भगवान शिव से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ रही और पूरा माहौल भक्तिमय व उल्लासपूर्ण बना रहा। इस मौके पर रजनी कुचिया, ऊषा देवी,राधिका कुचिया, राधा देवी, छाया नौगरैया, प्रीति गुप्ता, कीर्ति पोद्दार, अंकिता श्रीवास्तव, रेखा अग्रवाल, कन्हैया, ओम, अंशु सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
