मुक्तिधाम की साफ-सफाई में समाजसेवी आगे आए, चलाया सफाई अभियान।
पूंछ। कस्बा पूंछ स्थित मुक्तिधाम में व्याप्त गंदगी और अव्यवस्था को लेकर लंबे समय से ग्रामीण ग्राम पंचायत व संबंधित अधिकारियों से साफ-सफाई की मांग कर रहे थे। मुक्ति मार्ग पर उगे कंटीले पेड़ों की कटाई तथा परिसर में फैली झाड़-झंखाड़ और कूड़ा-करकट हटाने को लेकर कई बार आवाज उठाई गई, लेकिन जब अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो गांव के समाजसेवियों और वरिष्ठ नागरिकों ने स्वयं पहल करते हुए सफाई अभियान छेड़ दिया।
करीब दो दर्जन से अधिक युवाओं व अन्य लोगों ने मुक्तिधाम पहुंचकर अनावश्यक कांटेदार पेड़ों और घास की कटाई की। परिसर में फैले कूड़े को हटाया गया तथा रंगाई-पुताई कर परिसर को व्यवस्थित किया गया। अभियान में शामिल लोगों ने कहा कि मुक्तिधाम मनुष्य जीवन का अंतिम और महत्वपूर्ण स्थान है। यहां दूर-दराज से लोग अंतिम संस्कार में शामिल होने आते हैं, ऐसे में गंदगी और अवरुद्ध मार्ग उचित नहीं हैं।
समाजसेवियों ने अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति अपने किसी प्रियजन की स्मृति में एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखरेख करे, जिससे परिसर स्वच्छ व हरित बना रहे।
अभियान के दौरान सेवानिवृत्त एडिशनल एसपी अमर सिंह यादव, चेतराम तिवारी, लाखन साईं, आनंद गोस्वामी, यज्ञेश यादव, दीपकराम तिवारी, जयहिंद सिंह यादव, रामकृष्ण यादव, प्रेम, दीपक गोस्वामी, बड़े गोस्वामी, टिल्लू गोस्वामी, रिंकू यादव, भगत सिंह यादव और नरेन्द्र सविता सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
