पूंछ क्षेत्र के गांवों में बिजली विभाग का अभियान, बकाया वसूली के साथ बिल छूट योजना में हुए पंजीकरण।
मोंठ : विद्युत उपखंड अधिकारी मोंठ अनिल सागर के नेतृत्व में पूंछ क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बिजली विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बिजली बिलों की बकाया वसूली करना तथा उपभोक्ताओं को चल रही बिल छूट योजना की जानकारी देकर अधिक से अधिक पंजीकरण कराना रहा।
अभियान के दौरान विभागीय टीम गांव-गांव पहुंची और उपभोक्ताओं से सीधे संवाद किया। अधिकारियों ने लोगों को बताया कि शासन की बिल छूट योजना के तहत उपभोक्ताओं को बकाया बिल में राहत दी जा रही है, इसलिए समय रहते पंजीकरण कराकर इसका लाभ उठाएं। टीम ने कई उपभोक्ताओं के बकाया बिल जमा कराए और उन्हें नियमित रूप से बिल भुगतान करने के लिए भी प्रेरित किया।
इसी क्रम में ग्राम धौरका में शिविर लगाकर उपभोक्ताओं का पंजीकरण किया गया, जहां कुल 10 लोगों ने बिल छूट योजना के लिए रजिस्ट्रेशन कराया। अधिकारियों ने बताया कि विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक उपभोक्ता योजना का लाभ लें और लंबित बिजली बिलों का निस्तारण हो सके।
विद्युत उपखंड अधिकारी अनिल सागर ने कहा कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिन उपभोक्ताओं के बिजली बिल बकाया हैं, वे जल्द से जल्द पंजीकरण कराकर योजना का लाभ लें और अनावश्यक कार्रवाई से बचें। बिजली विभाग की इस पहल से ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है।
