होली से पहले बढ़ी गर्मी, सुबह-शाम ठंडक तो दोपहर में तेज धूप का अहसास, लोग पड़ रहे बीमार।
मोंठ: होली से पहले मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। सुबह और शाम हल्की ठंडक महसूस हो रही है, जबकि दोपहर में तेज धूप और गर्मी का अहसास होने लगा है। अचानक बदलते मौसम के कारण लोगों की सेहत पर भी असर पड़ रहा है और अस्पतालों व दवा दुकानों पर मरीजों की संख्या बढ़ती दिखाई दे रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। सुबह ठंडक होने के कारण लोग गर्म कपड़े पहनकर निकलते हैं, लेकिन दोपहर तक तेज गर्मी होने लगती है। इसी लापरवाही के चलते कई लोग सर्दी-जुकाम, बुखार और गले के संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं।
स्वास्थ केंद्र के अधीक्षक डॉ एमपी राजपूत का कहना है कि मौसम बदलने के समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है। सुबह-शाम हल्के गर्म कपड़े पहनें, ठंडा-गर्म खाने से बचें और पर्याप्त पानी पिएं। बच्चों और बुजुर्गों को खास ध्यान रखने की सलाह दी जा रही है।
