मोंठ । थाना पूंछ क्षेत्र के कस्बा मोंठ में होटल के बाहर खड़ी कार चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना पूंछ में तहरीर देकर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कस्बा पूँछ निवासी रजन सिंह ने पुलिस को दी सूचना में बताया कि उनकी कार स्विफ्ट डिजायर विगत 11 फरवरी 2026 की सुबह करीब छह बजे थाना पूंछ क्षेत्र स्थित एक ढाबा के बाहर खड़ी थी। कार की चाबी काउंटर के पास टंगी हुई थी। आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने काउंटर से चाबी उठाकर वाहन चोरी कर लिया।
पीड़ित के अनुसार, घटना की जानकारी होने पर उन्होंने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन कार का कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद उन्होंने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहन चोरी का खुलासा किया जाएगा।
