लोहागढ़ / समथर — समथर थाना क्षेत्र के ग्राम साकिन में एक युवक ने ग्राम स्थित एक मंदिर परिसर में पीपल के पेड़ पर रस्सी से फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली । मृतक की पहचान पंकज कुमार उम्र 22 बर्ष पुत्र किशोर कुशवाहा के रूप में हुई है । मृतक की आगामी 21 फरवरी को शादी होनी थी । परिवार में शादी की तैयारियाँ चल रही थीं, लेकिन इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया । परिजनों के अनुसार, सोमवार की सुबह करीब 5 बजे मृतक के चाचा राम किशुन खेत देखने के लिए घर से निकले थे । ग्राम में स्थित अंजनी माता मंदिर परिसर में लगे पीपल के पेड़ पर पंकज को लटका हुआ देखा । उन्होंने तुरंत परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई । घटना की सूचना मिलते ही समथर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी । मृतक के चचेरे भाई विजय का कहना है कि घटनास्थल बाले मंदिर पर कुछ युवकों के नाम लिखे हुए मिले हैं जिससे घटना को लेकर संदेह पैदा हो गया है । उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है । मृतक के परिवार में माता पिता के अलावा एक भाई और बहन है । पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है ।
थानाध्यक्ष अतुल कुमार राजपूत ने बताया कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है साक्ष्य एकत्र किए गये हैं । शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी ।
