मोंठ के भरोसा गांव में 21 फरवरी को होगा सामूहिक विवाह समारोह।
मोंठ : तहसील क्षेत्र के ग्राम भरोसा में आगामी 21 फरवरी को सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर पांच कन्याओं का विवाह वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल बना हुआ है और तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सामूहिक विवाह कार्यक्रम कुचिया परिवार द्वारा कराया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार समारोह की शुरुआत प्रातः धार्मिक अनुष्ठानों के साथ होगी। इसके पश्चात वर यात्रा निकाली जाएगी और निर्धारित मुहूर्त में द्वाराचार एवं पाणिग्रहण संस्कार संपन्न होंगे। विवाह समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों के शामिल होने की संभावना है।विशाल भंडारे की भी व्यवस्था की गई है।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम सामाजिक समरसता और सहयोग की भावना का प्रतीक माना जाता है। इससे जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल मिलता है तथा सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा मिलता है। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से सपरिवार उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने और नवदंपतियों को आशीर्वाद प्रदान करने की अपील की है।
