समथर। कस्बा समथर से 8 फरवरी को लापता हुए युवक अफसर खान का शव जालौन जनपद के नदीगांव क्षेत्र स्थित बेतवा नहर में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पार्टी में शामिल दोस्तों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। देर रात तक परिजन थाना परिसर में जमे रहे।
जानकारी के अनुसार, अफसर खान 8 फरवरी की शाम करीब साढ़े सात बजे घर से निकला था। परिजनों का आरोप है कि कुछ लोग उसे बड़ोखरी रोड पर पार्टी के बहाने साथ ले गए थे। बताया गया कि अफसर ने दोस्तों के साथ पार्टी की, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। 9 फरवरी को उसकी मां सुवरातन ने थाना समथर में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
बृहस्पतिवार को जालौन जनपद के नदीगांव के पास बेतवा नहर में एक शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पहचान होने पर शव अफसर खान का निकला। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
आक्रोशित परिजन पहले मेवाती चौराहे पर एकत्रित हुए, इसके बाद थाना समथर पहुंचकर पार्टी में ले गए युवकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग करने लगे। परिजनों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। तहसीलदार ज्ञानेंद्र कुमार और शाहजहांपुर पुलिस मौके पर पहुंचे तहसीलदार ने परिजनों से बातचीत की और कार्यवाही का भरोसा दिलाया
थाना प्रभारी अतुल कुमार राजपूत ने परिजनों से वार्ता कर निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
