Home » Uncategorized » झांसी के 461 गांव में नियमित रूप से पहुंचाया जा रहा नल से पीने का साफ पानी

झांसी के 461 गांव में नियमित रूप से पहुंचाया जा रहा नल से पीने का साफ पानी

झांसी। जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक नल से साफ पीने का पानी पहुंचाने की योजना पूर्ण होने की ओर अग्रसर है। झांसी जिले के 461 ग्रामों में नियमित रूप से नल से पीने का साफ पानी घर तक पहुंचाया जा रहा है। झांसी में 10 सतही स्रोत आधारित पेयजल योजनाओं के माध्यम से 613 ग्रामों तक साफ पीने का पानी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। कई महत्वपूर्ण अध्ययनों में यह निष्कर्ष सामने आया है कि गांव में नल से जल पहुंचने से महिलाओं और बच्चों के जीवनस्तर में भी सुधार होता हुआ दिखाई दे रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल पहुंचाने की योजना की शुरुआत झांसी से की थी।

झांसी जिले में जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में नल से जल पहुंचाने की योजना के अंतर्गत 10 पेयजल योजनाओं को चलाया जा रहा है। इमलौटा, तिलैथा, बचावली बुजुर्ग, गुलारा, कुरैचा, बुढ़पुरा, बड़वार, पुरवा, टेहरका, बरथरी पेयजल योजनाओं के माध्यम से 613 ग्रामों तक नल से पीने का साफ पानी पहुंचाने की प्रक्रिया चल रही है, जिसमें से 461 ग्रामों में नियमित रूप से पानी पहुंचाया जा रहा है। झांसी जिले में 360 गांव ऐसे हैं, जिनके सभी घरों में पेयजल की नियमित आपूर्ति की जा रही है।

झांसी के जल निगम के अधिशाषी अभियंता रणविजय सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के लगभग 2 लाख 49 हजार से अधिक घरों को नल कनेक्शन दिये गए हैं और लगभग 1 लाख 97 हजार से अधिक घरों तक साफ पीने का पानी पहुंचाया जा रहा है। जल्द ही सभी लक्षित घरों तक पीने का साफ पानी नल से पहुंचाने का काम शुरू हो जायेगा।

110 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *