Home » Uncategorized » मोंठ=हर घर जल योजना की पाइपलाइन बनी ग्रामीणों की परेशानी, खुदी सड़कों से गुजरने को मजबूर लोग।

मोंठ=हर घर जल योजना की पाइपलाइन बनी ग्रामीणों की परेशानी, खुदी सड़कों से गुजरने को मजबूर लोग।

हर घर जल योजना की पाइपलाइन बनी ग्रामीणों की परेशानी, खुदी सड़कों से गुजरने को मजबूर लोग।

मोंठ= हर घर जल योजना के अंतर्गत गांवों में पाइपलाइन बिछाने का कार्य तो कर दिया गया, लेकिन इसके बाद सड़कों की मरम्मत कराना विभागीय ठेकेदार और अधिकारी भूल गए। इसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। मोंठ तहसील के कई गांवों में ये समस्या आम हो गई है। इसी क्रम में गांव तालौड़ में यह समस्या गंभीर रूप ले चुकी है। पाइपलाइन डालने के बाद सड़कों को जस का तस छोड़ दिया गया, जिससे गांव की मुख्य और आंतरिक सड़कें जगह-जगह खुदी हुई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सामान्य दिनों में ही इन सड़कों से निकलना मुश्किल हो जाता है, जबकि बारिश के मौसम में हालात और बदतर हो जाते हैं। गड्ढों में पानी भर जाने से आए दिन लोग फिसलकर चोटिल हो जाते हैं। दोपहिया वाहन चालकों, बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर कीचड़ जमा हो जाने से समस्या बढ़ जाती है। गांव के युवा समाजसेवी पंकज राजपूत ने इस समस्या को लेकर आवाज उठाई है। उन्होंने बताया कि सड़क दुरस्ती के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। मजबूर होकर उन्होंने गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत से शिकायत की है और जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत कराए जाने की मांग की है।
पंकज राजपूत का कहना है कि यदि शीघ्र ही सड़कें दुरस्त नहीं की गईं तो ग्रामीणों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ सकता है। वहीं ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि हर घर जल योजना जैसे महत्वपूर्ण कार्य के साथ-साथ सड़क मरम्मत को भी प्राथमिकता दी जाए। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द सड़क ठीक कराए जाने की मांग की हैं।

193 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *