Home » Uncategorized » बुंदेलखंड के झांसी के रानीपुर कस्बा में स्कूल में दौड़ा करंट, बाल-बाल बचे बच्चे, करंट की चपेट में आने से दो जानवर की मौत।

बुंदेलखंड के झांसी के रानीपुर कस्बा में स्कूल में दौड़ा करंट, बाल-बाल बचे बच्चे, करंट की चपेट में आने से दो जानवर की मौत।

स्कूल में दौड़ा करंट, बाल-बाल बचे बच्चे
रानीपुर(झांसी)। मुख्य बाजार क्षेत्र में स्थित प्राथमिक विद्यालय के मुख्य द्वार पर बुधवार सुबह अचानक करंट फैल जाने से हड़कंप मच गया। घटना स्कूल खुलने के समय हुई, जब रोजाना की तरह बच्चे विद्यालय पहुंच रहे थे। गनीमत रही कि समय रहते सतर्कता बरती गई और बड़ा हादसा टल गया। हालांकि करंट की चपेट में आने से दो जानवरों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विद्यालय गेट के पास बिजली का करंट महसूस होते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत बच्चों को दूर किया और प्रवेश पर बैरिकेडिंग कर दी। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। प्राथमिक जांच में पास से गुजर रही केबल लाइन में नमी और पानी भराव के कारण करंट फैलने की आशंका जताई गई है।
घटना के बाद विद्यालय प्रशासन ने एहतियातन स्कूल को कुछ समय के लिए बंद रखा। जांच और आवश्यक सुधार कार्य के बाद ही विद्यालय संचालन की अनुमति दी गई। प्रधानाध्यापक ने बताया कि पहले भी पास से गुजर रही लाइन को लेकर शिकायत की जा चुकी थी, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया।
उधर, घटना से आक्रोशित अभिभावकों ने सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल परिसर के आसपास से गुजर रही विद्युत लाइनों की नियमित जांच आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

121 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *