खिरिया घाट पुल निर्माण का गरौठा विधायक ने किया निरीक्षण।
मोंठ: गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने बुधवार को बेतवा नदी के खिरिया घाट पर सेतु निगम द्वारा बनाए जा रहे निर्माणाधीन पुल का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा की विस्तार से जानकारी ली। विधायक ने सेतु निगम के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पुल निर्माण कार्य तय मानकों के अनुसार गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना समय पर पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि यह पुल क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसके पूर्ण होने से आसपास के ग्रामीण अंचलों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय विकास को गति प्राप्त होगी। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने को कहा। साथ ही उन्होंने कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
विधायक ने यह भी निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। सेतु निगम के अधिकारियों ने विधायक को आश्वस्त किया कि कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा।
निरीक्षण के अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष कपिल मुदगिल सहित विभागीय अधिकारी, ठेकेदार प्रतिनिधि तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
