स्व-परीक्षण व प्रारंभिक जांच से बच सकता है जीवन : रमा निरंजन
“Early Detection of Breast Disease – Save Life and Family” रही कार्यक्रम की थीम
झांसी।
जनपद में महिलाओं के स्वास्थ्य को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत IRIA झांसी सिटी ब्रांच के तत्वावधान में Women Wellness Initiative : Breast Care Awareness Program का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम “Early Detection of Breast Disease – Save Life and Family” रही, जिस पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सदस्य विधान परिषद रमा निरंजन ने कहा कि स्तन रोगों की स्व-पहचान (Self Examination) और समय पर जांच से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपनी सेहत को लेकर किसी भी प्रकार की झिझक या शर्म न रखें और स्तन से संबंधित किसी भी असामान्य परिवर्तन पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें। उन्होंने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज झांसी के प्राचार्य डॉ. शिव कुमार ने नियमित स्क्रीनिंग और मल्टी-डिसिप्लिनरी अप्रोच के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने सर्जन, स्त्री रोग विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट तथा विशेष रूप से आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका को समुदाय तक सही संदेश पहुँचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्ष एवं प्रोफेसर डॉ. रचना चौरसिया ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को स्तन स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। आज के समय में चिकित्सकों की भूमिका केवल उपचार तक सीमित नहीं, बल्कि रोगों की रोकथाम और बचाव की जानकारी देना भी उतना ही आवश्यक है। समय पर दी गई सही जानकारी से महिलाएं बीमारी से बच सकती हैं और आवश्यकता पड़ने पर समय रहते उपचार करा सकती हैं।
उन्होंने बताया कि IRIA झांसी सिटी ब्रांच भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करती रहेगी।
डॉ. रचना चौरसिया ने यह भी बताया कि संजीवनी एजुकेशनल ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में किसी भी प्रतिभागी से कोई शुल्क नहीं लिया गया, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं बिना आर्थिक बाधा के स्तन स्वास्थ्य से जुड़ी सही जानकारी प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा व्याख्यान दिए गए—
डॉ. दिव्या जैन, वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ, ने युवतियों एवं महिलाओं में स्तन जागरूकता और सामान्य शारीरिक परिवर्तनों पर जानकारी दी।
डॉ. संजया शर्मा, पूर्व विभागाध्यक्ष एवं पूर्व अकादमिक डीन, ने मेनोपॉज़ एवं उसके बाद स्तन स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला।
डॉ. राजीव सिन्हा, पूर्व विभागाध्यक्ष (सर्जरी), ने प्रारंभिक लक्षणों, सेल्फ एग्ज़ामिनेशन और समय पर चिकित्सकीय परामर्श की आवश्यकता समझाई।
डॉ. राजकुमार राजपूत, वरिष्ठ सर्जन, ने उपचार के आधुनिक सर्जिकल विकल्पों और आशा का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की मांग पर IRIA झांसी सिटी ब्रांच द्वारा स्तन स्वास्थ्य से संबंधित परामर्श हेतु मोबाइल नंबर 92506 50803 भी जारी किया गया, जिससे महिलाएं भविष्य में विशेषज्ञों से सीधे संपर्क कर सकें।
कार्यक्रम का समापन इस संदेश के साथ हुआ कि स्तन स्वास्थ्य केवल चिकित्सकीय विषय नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। जागरूकता, नियमित जांच और समय पर उपचार से जीवन, परिवार और समाज को सुरक्षित रखा जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. आशीष उक्सा, सचिव, IRIA झांसी सिटी ब्रांच ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर डॉ. स्वाति गुप्ता, डॉ. एम.एल. वर्मा, डॉ. शैलेंद्र एवं डॉ. ज्योति चौबे सहित अनेक चिकित्सक एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।
