नगर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस।
मोंठ: नगर के टीकाराम यादव स्मृति महाविद्यालय एवं मून इंटरनेशनल स्कूल में 76वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास, देशभक्ति और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। टीकाराम यादव स्मृति महाविद्यालय परिसर में प्राचार्य डॉ. राजेंद्र खरे द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रगान के बाद उन्होंने अपने संबोधन में संविधान की महत्ता, लोकतंत्र की मजबूती और युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
वहीं मून इंटरनेशनल स्कूल में भी गणतंत्र दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि टीकाराम यादव स्मृति महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र खरे रहे, जिन्होंने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बच्चों द्वारा देशभक्ति गीत, कविताएं एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित अभिभावकों व शिक्षकों ने सराहा।
स्कूल परिसर में बच्चों द्वारा आयोजित बाल मेले ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। मुख्य अतिथि डॉ. खरे ने फीता काटकर बाल मेले का शुभारंभ किया। मेले में बच्चों ने विभिन्न स्टॉल लगाकर अपनी रचनात्मकता और उद्यमशीलता का परिचय दिया। कार्यक्रम में स्कूल के प्रिंसिपल शादाब बेग सहित शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समापन पर सभी ने देश की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ ली।
