मोंठ–उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड के डायरेक्टर योगी अर्पित दास महाराज ने शुक्रवार को मोंठ स्थित हाइवे पर निर्माणाधीन ग्रामीण स्टेडियम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति, गुणवत्ता तथा समयबद्धता को गंभीरता से परखा। उन्होंने निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
योगी अर्पित दास महाराज ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि कार्य शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही कराया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्टेडियम युवाओं के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं, इसलिए इसका निर्माण मजबूत, सुरक्षित और सुविधाजनक होना चाहिए। खेल मैदान की समतलता, ड्रेनेज व्यवस्था, बैठने की सुविधा तथा खिलाड़ियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं पर भी उन्होंने विस्तार से चर्चा की।निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य में तेजी लाने और तय समय सीमा के भीतर स्टेडियम को पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने कहा कि यह स्टेडियम ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगा।
