हेडिंग:
मोंठ प्रीमियर लीग सीजन-2 का खिताब मोंठ के नाम, पुलिस लाइन दतिया को 45 रनों से हराया
मोंठ—कस्बे के ऐतिहासिक किले के भीतर स्थित श्री शीतला माता खेल मैदान में हरचरण गुसाँई की पुण्यतिथि के अवसर पर केसीपी क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित मोंठ प्रीमियर लीग मैच सीजन-2 का फाइनल मुकाबला उत्साह और रोमांच से भरपूर रहा। फाइनल में मोंठ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुलिस लाइन दतिया की टीम को 45 रनों से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता भानु प्रताप सिंह वर्मा रहे, जबकि विशेष विशिष्ट अतिथि के रूप में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता प्रमोद कुमार उपाध्याय की गरिमामयी उपस्थिति रही।
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मोंठ की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 219 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। मोंठ के बल्लेबाजों ने शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाया और दतिया के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुलिस लाइन दतिया की टीम मोंठ के सधे हुए गेंदबाजी आक्रमण के सामने टिक नहीं सकी और 174 रनों पर पूरी टीम आउट हो गई। इस तरह मोंठ ने 45 रनों से जीत दर्ज कर मोंठ प्रीमियर लीग सीजन-2 की ट्रॉफी अपने नाम की।
मैच के दौरान मोंठ के गेंदबाजों और क्षेत्ररक्षकों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिससे दतिया की रन गति पर लगातार अंकुश लगा रहा। निर्णायक क्षणों में लिए गए विकेटों ने मुकाबले का रुख पूरी तरह मोंठ की ओर मोड़ दिया। दर्शकों ने पूरे मैच के दौरान तालियों और नारों से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
मोंठ की जीत में गेंदबाजों का अहम योगदान रहा। पुली ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में मात्र 9 रन देकर 3 विकेट झटके और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं समीर मोहम्मद को बेहतरीन गेंदबाजी के लिए बेस्ट बॉलर का पुरस्कार दिया गया। पूरे टूर्नामेंट में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चिराग यादव (मोंठ) को मैन ऑफ द सीरीज घोषित किया गया।
फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता भानु प्रताप सिंह वर्मा तथा नगर पंचायत मोंठ अध्यक्ष मीरा गोसाई ने विजेता टीम मोंठ के कप्तान अंकित ठाकुर को ट्रॉफी प्रदान की।। मुख्य अतिथि के साथ भाजपा नेता नीरज शर्मा ,यज्ञेश यादव, पवन सोनी , राकेश पाल, नगर पंचायत कटेरा अध्यक्ष धनीराम डवरया, एरच नगर पंचायत अध्यक्ष जयचंद राजपूत , गुरसराय नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि राजा चौहान, नगर पालिका चेयरमैन समथर देवेंद्र कंसाना, उदय लुहारी , छत्रसाल राजपूत, सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि भानु प्रताप सिंह वर्मा ने विजेता एवं उपविजेता टीम के कप्तानों और खिलाड़ियों को शील्ड तथा व्यक्तिगत पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजनों से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का सशक्त मंच भी मिलता है। ऐसे आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए, ताकि युवाओं में ऊर्जा, अनुशासन और खेल भावना का विकास हो।
कार्यक्रम के आयोजक देवेंद्र गुसाँई ने सभी खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया और प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों व खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।
