मोंठ। रविवार को ग्रामीण अंचल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेला का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। आरोग्य मेले के दौरान स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों द्वारा मरीजों का परीक्षण किया गया तथा उन्हें आवश्यक उपचार और दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
झांसी मंडल की अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. सुमन एवं संयुक्त निदेशक डॉ. तरन्नुम रजा मोंठ क्षेत्र के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचीं। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पूँछ, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुलिया, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लोहागढ़ एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शाहजहांपुर में आयोजित आरोग्य मेले का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मरीजों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली और उनकी समस्याएं भी सुनीं।
अपर निदेशक एवं संयुक्त निदेशक ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई, दवा वितरण व्यवस्था, जांच सुविधाएं, पेयजल, बिजली तथा बैठने की व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
अपर निदेशक डॉ. सुमन ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद व्यक्ति को मिलना चाहिए। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं और बच्चों को टीकाकरण की सुविधा समय-सीमा के भीतर, सुरक्षित और सुविधाजनक ढंग से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने ग्राम स्तर पर कार्यरत महिला एवं पुरुष स्वास्थ्य कर्मियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी।
मरीजों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग एमसीडी एलसीडी स्क्रीनिंग 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए गोल्डन कार्ड बनाने और उनके वितरण की प्रगति की समीक्षा की गई सीनियर सिटीजन को दी जा रही सेवा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया तथा इस कार्य की समीक्षा की गई साफ सफाई और अनुशासन पर विशेष जोर दिया गया कहा कि मरीज के प्रति सेवा भाव रखा जाए।
अधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की और निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष हुई प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की। इसके उपरांत अपर निदेशक एवं संयुक्त निदेशक ने मोंठ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने ट्रामा सेंटर में संचालित इमरजेंसी सेवाओं, प्रसव कक्ष तथा अन्य चिकित्सीय सुविधाओं की जानकारी ली।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. माता प्रसाद राजपूत ने अधिकारियों को अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, स्टाफ की स्थिति एवं मरीजों को दी जा रही सुविधाओं से अवगत कराया। अधिकारियों ने अस्पताल परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार किया जाएगा, ताकि आमजन को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधा मिल सके।
