अचलेश्वर महादेव मंदिर पर सुंदरकांड पाठ, भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब।
मोंठ: नगर स्थित प्राचीन अचलेश्वर महादेव मंदिर पर शुक्रवार को देर रात को श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में सुंदरकांड पाठ एवं भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर “जय श्रीराम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। देर शाम विधिवत पूजा-अर्चना के बाद सुंदरकांड पाठ का शुभारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
सुंदरकांड पाठ के दौरान भक्तों ने भगवान श्रीराम और भगवान शिव की स्तुति कर परिवार व नगर की सुख-समृद्धि की कामना की। पाठ समाप्ति के उपरांत प्रसाद वितरण एवं भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर समिति एवं आयोजन से जुड़े सेवादारों ने व्यवस्था को सुचारू रूप से संभाला। साफ-सफाई, पेयजल और बैठने की उचित व्यवस्था की गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आयोजन में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की सक्रिय सहभागिता रही।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और धार्मिक आस्था मजबूत होती है। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
