मोंठ—विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत बूथों पर शत-प्रतिशत कार्य पूरा कराने के लिए गरौठा विधायक जुटे हुए हैं। सोमवार को गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने मोंठ ब्लॉक के कई बूथों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने कस्बा मोंठ, बमरौली और समथर के बूथों पर जाकर एसआईआर की प्रगति की जानकारी ली और शत-प्रतिशत कार्य सुनिश्चित करने के लिए दिशा-निर्देश दिए। विधायक ने कस्बा मोंठ के ब्लॉक परिसर में चल रही एसआईआर फीडिंग प्रक्रिया, कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्य की समयबद्धता तथा मतदाता सूची से जुड़े अद्यतन कार्यों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने बुजुर्गों, दिव्यांगजनों तथा दुर्गम क्षेत्रों के मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिन मतदाताओं के नाम सूची से छूट रहे हैं, उन्हें शामिल किया जाए और नए मतदाताओं के दस्तावेजों का सत्यापन समय पर पूरा किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची की शुद्धता ही चुनाव प्रक्रिया की नींव होती है। विधायक ने कहा कि टीम लगातार कार्य कर रही है, लेकिन कार्यों को और तेज़ी व सतर्कता के साथ करने की आवश्यकता है। साथ ही आम जनता को एसआईआर प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने नाम जुड़वाने या संशोधन कराने के लिए आगे आएं।
इस मौके पर तहसीलदार गरौठा अमृतलाल, सुपरवाइजर तथा भाजपा नेता कपिल मुदगिल सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
