झांसी। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने झांसी में कहा कि जब बाबर के नाम का या बाबरी के नाम का असली ढांचा अयोध्या से ढह गया तो पश्चिम बंगाल में बाबर के नाम की कोई बनाएगा तो उसका विरोध ही नहीं होगा उसका अंत हो जायेगा। झांसी दौरे पर पहुंचे केशव प्रसाद मौर्य ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मीडिया से बात करते हुए पश्चिम बंगाल में बन रहे बाबरी मस्जिद के सवाल पर कहा कि वहां भाजपा की सरकार 2026 में बनने वाली है। ये रामभक्तों का राष्ट्रभक्तों का अपमान है। मस्जिद कोई बनाना चाहता है हम विरोध नहीं कर रहे हैं लेकिन बाबर के नाम की कोई बनाएगा तो उसका विरोध ही नहीं होगा उसका अंत हो जायेगा।
अखिलेश यादव से जुड़े सवाल के जवाब में डिप्टी सीएम ने कहा कि अखिलेश यादव जी जब से बिहार चुनाव हारकर आए हैं, उनका मानसिक संतुलन बिगड़ा हुआ है। वह लगातार यह मानकर चल रहे थे कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जो एक्सीडेंटल रूप से कुछ सीटें उनको भाजपा से ज्यादा मिल गई थी, उनको लगने लगा था कि वह उत्तर प्रदेश की सत्ता पर फिर से कब्जा कर लेंगे। मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे थे।
डिप्टी सीएम ने कहा कि बिहार में गए थे। उन्होंने यहां भाषण दिया कि अवध में हराए हैं और मगध में हराएंगे। लेकिन बिहार की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, वहां के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में, भारतीय जनता पार्टी के दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा के नेतृत्व में इतना जबर्दस्त समर्थन दिया कि उनकी नींद उड़ी हुई है। उनको यह समझ में आ गया है कि 2047 तक समाजवादी पार्टी के सत्ता तो छोड़िए विपक्ष में भी बने रहने लायक प्रदेश की जनता समर्थन देगी कि नहीं, इस कारण वे उल्टे सीधे काम कर रहे हैं।
