झांसी:
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित छात्र मानसिक स्वास्थ्य तथा कोचिंग सेंटर विनियमों की निगरानी एवं कार्यान्वयन समिति की बैठक शुक्रवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में समिति के दायित्वों एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
इस दौरान जनपद में संचालित सभी पंजीकृत कोचिंग सेंटरों एवं छात्रावासों के नियमित निरीक्षण कराने तथा विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के लिए काउंसलरों की नियुक्ति करने का निर्णय लिया गया। साथ ही यह भी तय किया गया कि इस कार्य में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी के कुलसचिव एवं क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी का सहयोग लिया जाएगा, ताकि जिले के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों, पंजीकृत कोचिंग सेंटरों और छात्रावासों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को अवसाद, तनाव एवं अन्य मानसिक समस्याओं से बचाया जा सके और आवश्यकता अनुसार उनकी काउंसलिंग कराई जा सके।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक तथा वीरांगना लक्ष्मीबाई महिला महाविद्यालय, झांसी के मनोविज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापक ज्योति श्रीवास्तव सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
