बम्हरौली के आयुष्मान आरोग्य मंदिर का हुआ वर्चुअल एनक्यूएएस प्रमाणीकरण
मोंठ। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोंठ के अंतर्गत संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिर, बम्हरौली का राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) प्रमाणन वर्चुअल माध्यम से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस मूल्यांकन में राष्ट्रीय स्तर की टीम ने वर्चुअल टूर के जरिए केंद्र का निरीक्षण किया और कर्मचारियों एवं मरीजों से बातचीत कर सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन किया।
यह प्रमाणन स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। केंद्र को प्रमाणित होने के लिए मूल्यांकन के सभी मानकों पर कम से कम 70 प्रतिशत अंक प्राप्त करना आवश्यक था। मूल्यांकन प्रक्रिया में रोगी अधिकार, इनपुट, सहायक सेवाएं, नैदानिक देखभाल, संक्रमण नियंत्रण और गुणवत्ता प्रबंधन जैसे विभिन्न क्षेत्रों को शामिल किया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मोंठ अधीक्षक डॉ. एम.पी. सिंह राजपूत ने बताया कि एनक्यूएएस प्रमाणन का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाना और यह सुनिश्चित करना है कि हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। इससे ब्लॉक स्तर तक सार्वजनिक स्वास्थ्य के समान मानक लागू हो सकेंगे।
इस वर्चुअल मूल्यांकन सत्र में एनक्यूएएस आकलनकर्ता डॉ. दुरुव्ज्योति एवं डाॅ शंखेरथना, आयुष्मान आरोग्य मंदिर बम्हरौली सी.एच.ओ अरूण कुमार शर्मा, एएनएम श्रीमती मंजू लता सोनी , जिला स्तरीय टीम से जिला परामर्शदाता (गुणवत्ता आश्वासन) डॉ. मनीष खरे, डीएचईआईओ डॉ. विजयश्री, ब्लॉक स्तरीय टीम से स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार, बीपीएम धीरज किशोर गुप्ता, बीसीपीएम राजेश सिंह सहित स्वास्थ्य पर्यवेक्षकगण, आशा संगिनी प्रतिभा गुप्ता तथा कई आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं उपस्थित रहीं। केंद्र की ओर से सभी स्टाफ ने मूल्यांकन प्रक्रिया में पूरा सहयोग प्रदान किया।
