भाजपा सरकार में अंतिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं को भी बड़ा मौका: कपिल मुदगिल
मोंठ। भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष पंडित कपिल मुदगिल ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति को भी राजनीति में बड़ा मौका देती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने जनसेवा को राजनीति का माध्यम बनाया है। पार्टी के कार्यकर्ता चाहे किसी भी स्तर पर हों, उनकी मेहनत और निष्ठा को हमेशा सम्मान दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा में परिवारवाद की कोई जगह नहीं है, जबकि अन्य दलों में केवल एक ही परिवार की राजनीति चलती है और आम कार्यकर्ता को अवसर नहीं मिल पाता। भाजपा सरकार ने राष्ट्रहित, जनहित और विकास को प्राथमिकता दी है, जिससे जनता का भरोसा लगातार बढ़ा है। मुदगिल ने कहा कि आज प्रत्येक कार्यकर्ता यह महसूस करता है कि उसकी मेहनत व्यर्थ नहीं जाती, बल्कि उसे उचित सम्मान और पद के रूप में अवसर मिलता है। भाजपा सरकार ने गरीबों, किसानों और युवाओं के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं चलाकर वास्तविक परिवर्तन की दिशा में कार्य किया है।
