झांसी। लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य झांसी पहुंचीं। उन्होंने नगर के प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरदार पटेल भारत की एकता, अखंडता और अटूट संकल्प के प्रतीक थे, जिन्होंने देश की 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक योगदान दिया।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई और कहा कि सरदार पटेल के आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने में अपना योगदान दें। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय” और “सरदार पटेल अमर रहें” के नारों के साथ हुआ।
