गरौठा विधायक ने किया रिवर रैचिंग कार्यक्रम का शुभारंभ
मोंठ। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत शुक्रवार को नगर पंचायत एरच स्थित बेतवा नदी पुल के समीप राजकीय मत्स्यकीय विकास बोर्ड हैदराबाद द्वारा रिवर रैचिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत शामिल हुए। विधायक ने मत्स्य पालन बीजारोपण ‘सीडिंग’ प्रक्रिया का शुभारंभ कर नदी में उच्च गुणवत्ता की मछलियों के बीज डाले। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मत्स्य पालन को बढ़ावा देना और युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है।
विधायक ने बताया कि सरकार द्वारा मछली उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ मत्स्य पालन करने वाले किसानों को तकनीकी सहायता और आर्थिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। कार्यक्रम में अधिकारियों ने बताया कि उच्च गुणवत्ता के बीज से मछली उत्पादन में वृद्धि होगी, जिससे मत्स्य व्यवसाय को मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष, मछली पालन अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद रहे।
