निर्धन परिवारों का डोर-टू-डोर सत्यापन और श्रमिक पंजीकरण के निर्देश
झांसी। मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में नवीन आयुक्त सभागार में कर-करेत्तर, राजस्व एवं विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडलायुक्त ने कहा कि “जीरो पावर्टी कार्यक्रम” के तहत प्रत्येक गरीब तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने निर्देश दिए कि निर्धनतम परिवारों का डोर-टू-डोर सत्यापन कराया जाए, श्रमिकों का पंजीकरण किया जाए और उनके बच्चों को श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। कृषि विभाग को निर्देशित किया गया कि पोर्टल पर दर्ज निर्धन व्यक्तियों से संपर्क कर किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री जैसी योजनाओं का लाभ उन्हें अवश्य दिलाया जाए ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे।
गौशालाओं को स्वावलंबी बनाने और पंचायत सचिवालयों को सक्रिय करने पर जोर
मंडलायुक्त ने झांसी मंडल के तीनों जनपदों में गौशालाओं की समीक्षा करते हुए उन्हें स्वावलंबी बनाने के प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने गौशालाओं में CCTV कैमरों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने और ग्राम पंचायत सचिवालयों तथा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को सक्रिय करने के आदेश दिए।
आईजीआरएस, सीएम हेल्पलाइन और जन शिकायतों के गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन के मामलों में शिकायतकर्ताओं से फोन या व्यक्तिगत रूप से संपर्क करें और गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही, सभी अधिकारी प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक अपने कार्यालय में उपस्थित रहकर जन शिकायतों का निपटारा करें।
स्वास्थ्य मेलों के सफल आयोजन के लिए नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश
मंडलायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेला के सफल आयोजन के लिए नोडल अधिकारी नामित करने और आयुष्मान कार्ड वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के आदेश
सेतु और सड़कों के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और समय पर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। लम्बित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने पर भी बल दिया गया।
विद्यालयों की बाउंड्रीवॉल और मिशन शक्ति कार्यक्रम पर समीक्षा
शिक्षा विभाग को “प्रोजेक्ट अलंकार योजना” के तहत विद्यालयों की बाउंड्रीवॉल के कार्य शीघ्र पूर्ण कराकर हैंडओवर कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही, मिशन शक्ति कार्यक्रम के सुचारू संचालन और राशन कार्ड, पेंशन जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के विशेष शिविर आयोजित करने को कहा गया।
दीपावली पर 29 लाभार्थियों को मिला पीएम आवास, 30 अक्टूबर तक शेष सत्यापन के निर्देश
मंडलायुक्त की पहल पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 29 लाभार्थियों को दीपावली के अवसर पर आवास प्रदान किए गए। उन्होंने निर्देश दिया कि शेष लाभार्थियों का सत्यापन 30 अक्टूबर तक पूरा किया जाए। आसरा आवास योजना के तहत नगर पंचायतों में निर्मित आवासों का आवंटन पात्र व्यक्तियों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
जलजीवन मिशन और नकली दवाओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
जलजीवन मिशन परियोजनाओं में प्रगति लाने और नकली दवाओं की बिक्री पर पूर्ण रोक लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही राजस्व वसूली, जीएसटी, स्टाम्प रजिस्ट्रेशन, आबकारी, परिवहन, ऑडिट, ग्रामीण आजीविका मिशन, सीएम युवा योजना, छात्रवृत्ति, पोषाहार वितरण, फैमिली आईडी, पर्यटन निर्माण कार्य, खाद्य व औषधि निरीक्षण जैसे विभागीय कार्यों में गति लाने को कहा गया।
बैठक में उपस्थित अधिकारीगण
बैठक में झांसी, जालौन और ललितपुर के जिलाधिकारी, अपर आयुक्त, सीडीओ, एडीएम, संयुक्त विकास आयुक्त, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग, जेडी शिक्षा, एडी हेल्थ, उप श्रम आयुक्त, उप निदेशक पंचायत, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी सहित मंडलीय स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।
?
