Home » Uncategorized » बूढ़ेरा घाट पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, एक महिला की मौत — दो दर्जन से अधिक घायल

बूढ़ेरा घाट पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, एक महिला की मौत — दो दर्जन से अधिक घायल

मोंठ (झांसी)। थाना समथर क्षेत्र के अंतर्गत रविवार की देर रात बूढ़ेरा घाट पर उस समय हृदयविदारक हादसा हो गया जब रतनगढ़ माता मंदिर के जवारे लेकर जा रही श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली खाई में पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत और बचाव कार्य शुरू किया।


गांव से माता के जवारे लेकर मंदिर जाते समय पलटी ट्रॉली

जानकारी के अनुसार, थाना पूंछ क्षेत्र के ग्राम धौरका के ग्रामीण रविवार को रतनगढ़ माता मंदिर के जवारे लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर निकले थे। रात करीब नौ बजे जब जत्था बूढ़ेरा घाट के पास पहुंचा, तभी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलट गई।

ग्राम रोजगार सेवक जय नारायण राजपूत ने बताया कि वह स्वयं ट्रॉली के नीचे दब गए थे, जिन्हें ग्रामीणों ने किसी तरह निकालकर बचाया। उनके सीने में गंभीर चोटें आई हैं। घटना में अनेक महिलाएं, पुरुष व बच्चे घायल हुए हैं।


एक महिला की मौत, कई गंभीर झांसी रेफर

हादसे में ग्राम धौरका निवासी सीता देवी (26 वर्ष), पत्नी धर्मेंद्र राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को पहले मोंठ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से कई को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। कुछ घायलों को समीपवर्ती मध्य प्रदेश के अस्पतालों में भी भर्ती कराया गया है।


प्रशासन व जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे

घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम मोंठ अवनीश तिवारी, सीओ अजय श्रोत्रिय, कोतवाल अखिलेश द्विवेदी ने मौके का निरीक्षण किया और घायलों का हालचाल जाना।
गरौठा विधायक के पुत्र राहुल राजपूत, भाजपा नेता कपिल मुदगिल, सहित कई जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

एसडीएम अवनीश तिवारी ने कहा कि —

“यह अत्यंत दुखद घटना है। प्रशासन की ओर से घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। मृतका के परिजनों को सरकारी सहायता दिलाई जाएगी।”


घायल श्रद्धालुओं की सूची

मोंठ अस्पताल में भर्ती घायलों में —

  1. पंकज (26)
  2. सोना (68)
  3. रिंकी कुमारी (26)
  4. बंदना (18)
  5. शकुंतला (52)
  6. गंभीर (12)
  7. वंदना (28)
  8. मीठी (12)
  9. राघवेंद्र (30)
  10. सहोदरी (40)
  11. यश (11)
  12. दयावती (33)
  13. जयंती (29)

अन्य कई घायलों को दबोह व झांसी मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया है।


क्षेत्र में व्याप्त शोक की लहर

इस दर्दनाक हादसे से ग्राम धौरका सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। माता के दर्शन को जा रहे श्रद्धालुओं की इस दुर्घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से घायलों के शीघ्र उपचार व सहायता राशि प्रदान करने की मांग की है।


140 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *