Home » Uncategorized » जालौन में पंक्चर दुकानदार पर तलवार से हमला, पुलिस मामले की जांच में जुटी

जालौन में पंक्चर दुकानदार पर तलवार से हमला, पुलिस मामले की जांच में जुटी


जालौन। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खटीकान निवासी तौहीद अंसारी के पंक्चर की दुकान पर बुधवार रात को अज्ञात तीन लोगों ने तलवार से हमला कर दिया। हमले में दुकानदार घायल हो गया।

पीड़ित तौहीद अंसारी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी भिटारा गांव के पास पंक्चर की दुकान है और दुकान पर ही रहते हैं। रात करीब डेढ़ बजे एक कार उनकी दुकान के पास रुकी। कार में सवार लोग दुकान से पाइप निकालकर अपनी कार में हवा भरने लगे।

तौहीद ने उन्हें चेतावनी दी कि हवा डालवानी थी तो वह उन्हें जगा देते और हवा डाल देते, खुद क्यों कर रहे हैं। इस बात से नाराज होकर कार में सवार तीन लोगों ने उनकी पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने कार से तलवार निकालकर उन पर हमला कर दिया, जिससे तौहीद घायल हो गए।

घायल तौहीद ने बताया कि हमलावरों ने हमला करने के बाद कार लेकर जालौन की ओर भाग गए। उन्होंने तुरंत कोतवाली में तहरीर दी।

पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय गवाहों से जानकारी जुटा रही है।

इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। दुकानदार और स्थानीय लोग पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

नीरज श्रीवास्तव, पत्रकार, बोहदपुरा


134 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *