जालौन। मोहल्ले में बैठे युवक के साथ रंगबाजी को लेकर दो युवकों ने मिलकर मारपीट कर दी। शोर मचने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए, तब आरोपी धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खंडेराव निवासी अमित कुमार ने बताया कि बुधवार की रात वह मोहल्ले में अपने दोस्तों के साथ बैठा था। इसी दौरान मोहल्ले के ही प्रदुम्न और विनायक वहां पहुंच गए। अमित को बैठा देखकर दोनों ने रंगबाजी दिखाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। जब अमित ने विरोध किया तो दोनों युवकों ने उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसे चोटें आईं।
घटना के दौरान शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे, तब आरोपी युवक जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग निकले। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर दोनों आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
—सुनील सक्सैना, पत्रकार नावली
