Home » Uncategorized » मोंठ: त्योहारों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने को पुलिस प्रशासन सतर्क, एसडीएम मोंठ, सीओ , कोतवाल ने किया पैदल मार्च

मोंठ: त्योहारों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने को पुलिस प्रशासन सतर्क, एसडीएम मोंठ, सीओ , कोतवाल ने किया पैदल मार्च

मोंठ – आगामी दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को प्रशासन व पुलिस विभाग ने नगर में फ्लैग मार्च निकाला। एसडीएम मोंठ अवनीश तिवारी, सीओ मोंठ अजय श्रोतिय एवं कोतवाल मोंठ अखिलेश द्विवेदी ने भारी पुलिस बल के साथ मुख्य बाजार, बस स्टैंड, सब्जी मंडी, सर्राफा बाजार, पुराना बाजार व किला रोड क्षेत्रों में पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

पैदल मार्च के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों से संवाद करते हुए उनसे कहा कि दीपावली के पर्व पर भीड़भाड़ के समय अपने प्रतिष्ठानों के आसपास विशेष सावधानी रखें। सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। साथ ही पटाखों की बिक्री व उपयोग के नियमों का पालन सुनिश्चित करने की बात कही गई।

एसडीएम अवनीश तिवारी ने कहा कि नगर में कानून व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। किसी भी प्रकार की अराजकता या अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीओ अजय श्रोतिय ने बताया कि त्योहारों के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी ताकि नागरिक सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें।

कोतवाल अखिलेश द्विवेदी ने कहा कि दीपावली पर गश्त बढ़ाई जाएगी और रात के समय पुलिस चौकसी रखेगी। प्रशासन द्वारा यह कदम लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ाने और अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से उठाया गया है। पैदल मार्च के दौरान नगर के लोग व व्यापारी प्रशासनिक सक्रियता देखकर संतुष्ट नजर आए।

456 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *