झांसी
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु समिति की बैठक में जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने अधिकारियों और बैंकर्स को निर्देश दिए कि औद्योगिक इकाइयों को सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जो इकाइयां अपने यहां वैक्यूम सर्किट ब्रेकर (वीसीबी) नहीं लगवा रही हैं, उन्हें नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश की वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी की दिशा में बुंदेलखंड क्षेत्र का औद्योगिक विकास महत्वपूर्ण है। नए उद्यमियों को सभी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार मिले। उन्होंने बैंकर्स से लंबित आवेदनों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में निर्धारित 2200 लक्ष्य के विरुद्ध 5179 आवेदन बैंकों को प्राप्त हुए, जिनमें से 1463 आवेदन स्वीकृत और 1279 को ₹358.23 करोड़ का ऋण वितरित किया गया है। जिले की प्रदेश में छठवें स्थान पर रैंकिंग है।
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत अब तक 2781 लाभार्थियों को ₹89.32 करोड़ का ऋण दिया गया है, जबकि स्टैंड अप इंडिया योजना में चार लाभार्थियों को ₹1.33 करोड़ वितरित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने महिला उद्यमियों को अधिक से अधिक प्रोत्साहन देने के निर्देश दिए।
बैठक में ग्रोथ सेंटर बिजौली के आवासीय परिसर में मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। यूपीसीडा द्वारा नाली, सड़क, विद्युत लाइन, स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी कैमरे लगाने के कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी ने सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे करने के निर्देश दिए।
व्यापार बंधु समिति की बैठक में शहर में ट्रैफिक जाम और भोजला मंडी क्षेत्र की विद्युत समस्या पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने नगर निगम को पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीडीओ जुनैद अहमद, एडीएम प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, एसपी सिटी प्रीती सिंह, अपर नगर आयुक्त रोली गुप्ता, उपायुक्त उद्योग मनीष चौधरी, मनमोहन गेढां, पुनीत अग्रवाल, संजय गुप्ता, संतोष साहू सहित अन्य उद्यमी और अधिकारी उपस्थित रहे।
