Home » Uncategorized » मिशन शक्ति 5.0 के तहत “शक्ति संवाद” कार्यक्रम संपन्न

मिशन शक्ति 5.0 के तहत “शक्ति संवाद” कार्यक्रम संपन्न

बच्चों और महिलाओं से योजनाओं पर सीधा संवाद, समस्याओं का किया गया समाधान

झाँसी : मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत विकास भवन सभागार में “शक्ति संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद ने की। इस संवाद का मुख्य उद्देश्य विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों, विशेषकर बच्चों और महिलाओं से सीधे संवाद स्थापित करना रहा।

कार्यक्रम में कुल 142 बच्चों ने भाग लिया, जिनमें बाल सेवा योजना (कोविड) के 37, बाल सेवा योजना (सामान्य) के 35, स्पॉन्सरशिप योजना के 25, कन्या सुमंगला योजना के 10 बच्चे तथा निराश्रित महिला पेंशन योजना की 35 महिला लाभार्थी शामिल रहीं।

मुख्य विकास अधिकारी ने संवाद कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक हैं। उन्होंने उपस्थित लाभार्थियों से कहा कि किसी भी समस्या के समाधान हेतु वे सीधे उनके कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों ने अपनी समस्याएँ और सुझाव रखे, जिनका अधिकांश समाधान वहीं किया गया। शेष समस्याओं के निस्तारण के लिए जिला प्रोबेशन अधिकारी को संबंधित विभागों से समन्वय कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने हेतु उन्हें प्रोत्साहित किया गया। संवाद सत्र जीवंत और सहभागितापूर्ण रहा, जिसमें बालिकाओं एवं महिलाओं ने संतुष्टि व्यक्त की।

जिला प्रोबेशन अधिकारी सुरेन्द्र कुमार पटेल ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत अब तक बाल सेवा योजना (कोविड) से 418 बच्चे, बाल सेवा योजना (सामान्य) से 1014 बच्चे, कन्या सुमंगला योजना से 38 हजार बच्चियाँ, निराश्रित महिला पेंशन योजना से 42,309 महिलाएँ तथा स्पॉन्सरशिप योजना से 782 बच्चे लाभान्वित हुए हैं।

कार्यक्रम में संयुक्त मजिस्ट्रेट अक्षय दीपक, सहायक निदेशक सूचना सुरजीत सिंह, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा लाभार्थियों के परिजन उपस्थित रहे।


123 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *