झांसी, 15 अक्टूबर।
कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आयोजित कर-करेत्तर, विविध देय एवं प्रवर्तन कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने अधिकारियों को नगर निकायों की आय बढ़ाने के लिए इनोवेटिव आइडिया अपनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी निकाय अपने-अपने क्षेत्रों में बारात घर बनवाएं ताकि नियमित आय का स्रोत तैयार हो सके। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अभियान चलाकर निकाय अपनी संपत्तियों का ब्यौरा तैयार करें, जिससे आय में वृद्धि की जा सके।
कॉर्पोरेट क्षेत्र में कम वसूली पर नाराजगी
जिलाधिकारी ने कर-करेत्तर समीक्षा के दौरान वाणिज्य कर, परिवहन एवं स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग की वसूली लक्ष्य से कम रहने पर नाराजगी जताई।
वाणिज्य कर विभाग को सितम्बर माह के ₹119.90 करोड़ के लक्ष्य के सापेक्ष ₹65.90 करोड़ वसूली पर उन्होंने असंतोष व्यक्त किया।
उन्होंने संयुक्त आयुक्त को निर्देश दिए कि कॉर्पोरेट क्षेत्र में कम वसूली के कारणों की समीक्षा करें और उद्यमियों के साथ बैठक कर वसूली बढ़ाने के उपाय करें।
प्रवर्तन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
त्योहारों को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने जनपद में प्रवर्तन कार्यों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि जीएसटी चोरी रोकने के लिए क्षेत्रीय भ्रमण बढ़ाया जाए और अतिरिक्त आयुक्त स्तर पर लक्ष्य तय कर वसूली में सुधार लाया जाए।
आबकारी विभाग को अवैध बिक्री पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
राज्य उत्पाद शुल्क विभाग की समीक्षा में जिलाधिकारी ने लगभग पूर्ण वसूली पर संतोष जताया, लेकिन गांजा और नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री पर सख्त नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने निर्देश दिया कि शिक्षण संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री किसी भी स्थिति में न हो।
आबकारी विभाग को जारी आरसी की वसूली में तेजी लाने के भी निर्देश दिए गए।
परिवहन विभाग की कम वसूली पर असंतोष
परिवहन विभाग द्वारा ₹13.56 करोड़ के लक्ष्य के सापेक्ष ₹11.37 करोड़ की वसूली पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई।
उन्होंने वाहन कर और यात्री कर की वसूली बढ़ाने के लिए प्रवर्तन कार्यों में तेजी लाने और ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सड़क पर गोवंश मिलने पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि रात्रि में अभियान चलाकर सड़क पर गोवंश को न बैठने दिया जाए।
उन्होंने कहा कि सभी छुट्टा गोवंश को स्थानीय गो-आश्रय स्थलों में संरक्षित किया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
तहसील स्तर पर वसूली बढ़ाने पर जोर
तहसील स्तर पर विविध देय और आरसी वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि एसडीएम रोस्टर बनाकर नायब तहसीलदार और अमीनों को सुबह-सुबह राजस्व वसूली के लिए भेजें।
कृषि निवेश वितरण कार्यों में विशेष रूप से तहसील टहरौली में तेजी लाने को कहा गया।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वरुण कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी न्याय अरुण कुमार गौड़, एसडीएम सदर गोपेश तिवारी, एसडीएम टहरौली गौरव आर्या, एसडीएम मोंठ अवनीश तिवारी, एसडीएम मऊरानीपुर श्वेता साहू, एसडीएम गरौठा सुनील कुमार सहित वाणिज्य कर, आबकारी, खनिज एवं परिवहन विभाग के अधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।
