Home » Uncategorized » महिलाओं की सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण में सरस मेला अवसर

महिलाओं की सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण में सरस मेला अवसर

झांसी, 14 अक्टूबर 2025: राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत मंडलीय सरस मेले का शुभारंभ बीकेडी महाविद्यालय प्रांगण में हुआ। कार्यक्रम में मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, विधायक मऊरानीपुर डॉ. रश्मि आर्य, एमएलसी रामतीर्थ सिंघल और मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद ने संयुक्त रूप से मेले का उद्घाटन किया।

उद्घाटन अवसर पर मंडलायुक्त ने कहा कि महिलाओं में आगे बढ़ने की अपार क्षमताएं हैं। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूह की महिलाएं अपने हुनर को मेले में स्टाल लगाकर आमजन के सामने प्रदर्शित कर रही हैं। मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि महिलाओं के कार्यों को अलग-अलग समूहों में चिन्हित कर उनके विकास के लिए योजनाएं बनाई जाएं। उत्कृष्ट उत्पादों को भारत सरकार के ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकृत कर उनका उचित मूल्य सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे बिक्री और आय में वृद्धि होगी।

जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम ने समूहों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि महिलाएं आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त होकर स्वावलंबी बन रही हैं। उनके द्वारा संचालित विभिन्न आर्थिक गतिविधियां परिवार, समाज और प्रदेश की प्रगति में योगदान दे रही हैं।

विधान परिषद सदस्य रामतीर्थ सिंघल ने कहा कि सरकार द्वारा प्रदान सभी सुविधाओं का लाभ उठाते हुए महिलाओं को आगे बढ़ने में हर संभव सहायता दी जाएगी।

विधायक मऊरानीपुर डॉ. रश्मि आर्य ने मेले का भ्रमण कर महिलाओं के उत्पादों की प्रशंसा की और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद ने बताया कि मेला 14 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक चलेगा। दिवाली की पूर्व संध्या पर आयोजित इस मेले से महिलाओं को अतिरिक्त आय प्राप्त होगी, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और लखपति योजना का सफल क्रियान्वयन संभव होगा।

मेले में लगभग 70 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें जनपद के सभी विकासखंडों, जालौन और शहरी क्षेत्रों से आई महिलाओं के उत्पाद प्रदर्शित हैं। इससे समूह की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण सफलता मिलने की संभावना है। मिशन शक्ति 5.0 का यह संस्करण महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

इस अवसर पर उपायुक्त स्वत: रोजगार बृजमोहन, परियोजना निदेशक राजेश कुमार, उपयुक्त मनरेगा शिखर श्रीवास्तव, जिला पंचायत राज अधिकारी बाल गोविंद, जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी केपी सिंह और विभिन्न सुदूर क्षेत्रों से आई सैकड़ों महिलाएं भी उपस्थित रहीं।


88 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *