Home » Uncategorized » दीपावली पर मिठाइयों की शुद्धता जांच तेज़ — कालपी व उरई में नमूने लिए गए

दीपावली पर मिठाइयों की शुद्धता जांच तेज़ — कालपी व उरई में नमूने लिए गए


उरई/कालपी (जालौन):
त्योहारों के मौसम में खाद्य सामग्री की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम सक्रिय हो गई है। दीपावली के मद्देनज़र विभाग की टीम ने कालपी तहसील और उरई के फैक्ट्री एरिया में कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।

कालपी क्षेत्र में टीम ने कामधेनू डेयरी से पनीर, घी और क्रीम, गब्बरदास हलवा प्रतिष्ठान से हलवा तथा फुल पावर मिष्ठान भंडार से गुझिया मिठाई के नमूने संग्रहित किए। वहीं चमारी नाला के पास राजमार्ग पर वैष्णवी ट्रेडिंग की गाड़ी से जा रहे केक मिक्स पाउडर का भी नमूना लिया गया।

उरई के फैक्ट्री एरिया में हरिओम मिल्क प्रोडक्ट्स से पेड़ा और बर्फी तथा दादी मिल्क प्रोडक्ट्स से बर्फी और स्वीट केक के नमूने लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए।

निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों पर साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई, जिन पर विभाग ने सुधार नोटिस जारी किए। अधिकारियों ने बताया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जांच टीम में सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल यादव और सुनील कुमार शामिल रहे।

विभाग का यह अभियान आगामी त्योहारों तक जिलेभर के बाजारों में जारी रहेगा ताकि लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

पत्रकार नीरज श्रीवास्तव (बोहदपुरा)

163 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *