पूर्व विधायक ने की दुर्गा आरती, दी नवरात्रि की शुभकामनाएं
गरौठा। नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व गरौठा विधायक दीप नारायण सिंह यादव ने गरौठा स्थित मरई माता मंदिर सहित नगर की विभिन्न झाकियों में मां दुर्गा की आरती की। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। पूर्व विधायक ने विधि-विधान से मां की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के बाद उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नवरात्रि शक्ति की उपासना का पर्व है, जिससे समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने माता रानी से देश, प्रदेश और क्षेत्र की खुशहाली की प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने सभी को नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिक, पार्टी कार्यकर्ता व श्रद्धालु बड़ी संख्या में मौजूद रहे। मंदिर समिति ने पूर्व विधायक का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया।