चार कन्याओं के हुए विवाह, धूमधाम के साथ सम्पन्न हुआ सामूहिक विवाह समारोह।
मोंठ : तहसील क्षेत्र के ग्राम भरोसा में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन शनिवार को हर्षोल्लास और धार्मिक वातावरण के बीच सम्पन्न हुआ। समारोह में चार कन्याओं का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। विवाह समारोह चित्रकूट धाम से आए भगवत आचार्य नवलेश दीक्षित की अध्यक्षता में हुआ। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए इस सामाजिक पहल की सराहना की।
समारोह के दौरान धार्मिक अनुष्ठान, वरमाला एवं पाणिग्रहण संस्कार विधिवत संपन्न हुए। आयोजन स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया था और ग्रामीणों ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उपस्थित लोगों के लिए भंडारे की भी व्यवस्था की गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजक रुचि संजीव कुचिया ने कन्यादान कर सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि आज लोग जन्मदिन, महंगी शादियों और वैवाहिक वर्षगांठ जैसे आयोजनों पर लाखों रुपये खर्च करते हैं। यदि उसी धन का कुछ हिस्सा जरूरतमंद बेटियों की शादी, उनकी शिक्षा और बीमारी में सहायता के लिए लगाया जाए तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
सामूहिक विवाह सम्मेलन ने सामाजिक एकता, सहयोग और सेवा भाव का संदेश देते हुए क्षेत्र में एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। ग्रामीणों ने ऐसे आयोजनों को भविष्य में भी जारी रखने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत, भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष कपिल मुदगिल, प्रयागराज हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति अनीश गुप्ता की धर्मपत्नी अर्चना गुप्ता, हाईकोर्ट अधिवक्ता मैथिलीशरण पिपरसैनिया , पूर्व प्रधान राजकुमार गुप्ता, राजेंद्र कुचिया,सुरेश कुचिया, प्रमोद कुमार, हितेश कुचिया, अभिषेक कुचिया, कपिल कुमार, वीरेंद्र लहारिया, विवेक कुमार, बंटी सिंधी, पंकज सिंधी, कन्हैया, ओम, अंशु सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
:::: विवाह सम्मलेन में प्रीति कुशवाहा रामू, अंशिका जोशी नीरज, नैंसी कुशवाहा राघवेंद्र, स्नेहा कुशवाहा अजय वर बधू ने फेरे लिए।
।
