गोरखपुर (संवाददाता)।
पूर्वांचल एक्सप्रेस के वातानुकूलित तृतीय श्रेणी कोच में यात्रा कर रही एक महिला यात्री का बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। बैग में लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन रखा हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी गोरखपुर ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी अपनी बेटी के साथ दुर्गापुर से गोरखपुर आ रहे थे। वे 15047 पूर्वांचल एक्सप्रेस के एसी कोच बी – एक में सवार थे। यात्रा के दौरान अज्ञात चोर ने महिला का बैग पार कर दिया। बैग में सोने की चेन, चार अंगूठियां, करीब 12 हजार रुपये नकद तथा एक मोबाइल फोन रखा था।
बताया जा रहा है कि घटना 8 फरवरी की रात लगभग 2:30 बजे उस समय हुई, जब ट्रेन मोतीपुर रेलवे स्टेशन के पास पहुंची थी। पीड़िता को बैग गायब होने की जानकारी सुबह हुई, जिसके बाद परिजनों ने तत्काल रेलवे पुलिस को सूचना दी।
जीआरपी थाना गोरखपुर में अज्ञात के खिलाफ धारा 379 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और यात्रियों से पूछताछ के आधार पर चोर की तलाश में जुटी हुई है।
