15 मार्च से मोंठ में श्रीराम लीला का मंचन, तैयारियां जोरों पर।
मोंठ : नगर में आगामी 15 मार्च से श्रीराम लीला का भव्य मंचन शुरू होगा, जो 30 मार्च तक चलेगी।16 दिन तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। श्री राम यश प्रचारिणी नाटक मंडली के तत्वावधान में आयोजित होने वाली रामलीला को लेकर मंडली के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं। मंच सज्जा, प्रकाश व्यवस्था, कलाकारों के अभ्यास और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिससे दर्शकों को भव्य और आकर्षक प्रस्तुति देखने को मिल सके।
मंडली के अध्यक्ष एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अनुरुद्ध कुमार यादव उर्फ बड़े राजा ने जानकारी देते हुए बताया कि रामलीला का आयोजन हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रामलीला में भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़ी विभिन्न लीलाओं का मंचन किया जाएगा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचते हैं।
उन्होंने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रामलीला का आनंद लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। रामलीला मंचन को लेकर नगर में उत्साह का माहौल है।
