Home » Uncategorized » होली व रमजान को लेकर प्रशासन अलर्ट, 1 मार्च से 15 अप्रैल तक धारा-163 लागू

होली व रमजान को लेकर प्रशासन अलर्ट, 1 मार्च से 15 अप्रैल तक धारा-163 लागू

झाँसी। आगामी होली, रमजान माह, ईद-उल-फितर, रामनवमी, महावीर जयंती और डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती सहित विभिन्न प्रतियोगी, पुलिस एवं बोर्ड परीक्षाओं को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने जनपदवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए पर्व को पारंपरिक और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है।

त्योहारों और परीक्षाओं के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि, साम्प्रदायिक तनाव या परीक्षा में व्यवधान डालने के प्रयासों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा-163 के तहत 1 मार्च 2026 से 15 अप्रैल 2026 तक जनपद झांसी में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। आदेश के तहत शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी नियंत्रण रखा जाएगा।

उप जिलाधिकारियों, पुलिस क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर स्थानीय संभ्रांत नागरिकों से संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। होलिका दहन स्थलों का पूर्व निरीक्षण सुनिश्चित करने और बिजली के तारों के नीचे या पक्की सड़कों पर होलिका दहन न करने की अपील की गई है।

त्योहारों के दौरान मदिरा दुकानों की जांच और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए संबंधित विभागों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी को जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट मोड पर रखने तथा जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।

नगर निकायों को पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को जुलूस मार्गों की सड़कों की मरम्मत और बिजली तारों की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न किए जाने पर भी बल दिया गया है।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को त्योहारों से पहले स्थलीय भ्रमण कर स्थिति की समीक्षा करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए त्योहारों को शांतिपूर्वक मनाएं।

8 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मोंठ–नगर क्षेत्र में प्रतिबंध के बावजूद पॉलीथिन का उपयोग खुलेआम किया जा रहा है। बाजारों, सब्जी मंडियों और किराना दुकानों पर दुकानदार धड़ल्ले से ग्राहकों को पॉलीथिन थमाते नजर आ रहे हैं।