सर्दियों में गुड़ को नियमित भोजन में शामिल करें: अधीक्षक डॉ. एम.पी. राजपूत।
मोंठ। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोंठ के अधीक्षक डॉ. एम.पी. राजपूत ने सर्दियों के मौसम में स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए लोगों को गुड़ को नियमित भोजन में शामिल करने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि गुड़ प्राकृतिक खनिजों से भरपूर होता है और ठंड के मौसम में शरीर को गर्म रखने में सहायक होता है। यह आयरन, कैल्शियम और पोटैशियम का अच्छा स्रोत है, जो एनीमिया, कमजोरी और थकान जैसी समस्याओं को दूर करने में मदद करता है।
डॉ. राजपूत ने कहा कि गुड़ शरीर में हीमोग्लोबिन बढ़ाने और पाचन तंत्र को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। खासकर बच्चों, गर्भवती महिलाओं और वृद्ध लोगों के लिए सर्दियों में गुड़ का सेवन विशेष रूप से लाभकारी होता है। उन्होंने बताया कि चाय या दूध के साथ थोड़ा गुड़, भोजन के बाद एक छोटा टुकड़ा या तिल-गुड़ की लड्डू जैसी पारंपरिक चीजें स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद हो सकती हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि बाजार में मिलने वाले रिफाइंड चीनी की जगह गुड़ को प्राथमिकता दें, क्योंकि यह बिना किसी रासायनिक प्रक्रिया के तैयार होता है और शरीर को नैचुरल एनर्जी प्रदान करता है। साथ ही संतुलित आहार और व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करने की भी सलाह दी।
