सरस्वती शिशु मंदिर मोंठ में वार्षिक परीक्षाफल वितरण समारोह आयोजित।
मोंठ = सरस्वती शिशु मंदिर मोंठ में सत्र 2025-26 का वार्षिक परीक्षाफल वितरण समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता पं. ब्रह्मजीत द्विवेदी रहे ।जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सुनील तिवारी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री राम बिहारी अग्रवाल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद विद्यालय की बहनों द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिन्हें उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने खूब सराहा।
मुख्य अतिथि पं. ब्रह्मजीत द्विवेदी ने मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी और कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। विशिष्ट अतिथि राम बिहारी अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संस्कारवान बनने पर जोर देते हुए समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम में परीक्षा प्रमुख हर्षित मिश्रा ने मेधावी छात्र-छात्राओं के नामों की घोषणा की और पुरस्कार वितरण में सहयोग किया। विद्यालय के आचार्य मुकेश समाधिया ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में आचार्य अनुज खरे, वर्षा, मृदुला, कल्पना, ज्योति एवं खुशबू का विशेष सहयोग रहा।
विद्यालय का परीक्षाफल शत-प्रतिशत रहने पर अतिथियों ने विद्यालय परिवार को बधाई दी। अंत में प्रधानाचार्य मनीष पाल ने अतिथियों, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
