Home » Uncategorized » सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों पर दर्ज होगी एफआईआर, सारंध्रा नगर की जलापूर्ति की जांच को कमेटी गठित

सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों पर दर्ज होगी एफआईआर, सारंध्रा नगर की जलापूर्ति की जांच को कमेटी गठित

झांसी। तहसील सदर सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी मृदुल चौधरी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने जनसुनवाई करते हुए अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापरक निस्तारण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल, थाना समाधान दिवस और जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का निस्तारण मानवीय दृष्टिकोण के आधार पर किया जाए ताकि शिकायतकर्ता संतुष्ट हो सके। जिलाधिकारी ने शिकायत रजिस्टर का निरीक्षण भी किया और मौके पर निस्तारित शिकायतों के संबंध में शिकायतकर्ताओं से फोन पर बात कर संतुष्टि की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने सरकारी भूमि, निजी भूमि और चकरोड पर अवैध कब्जों की शिकायतों पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि फसल कटाई के बाद अभियान चलाकर खाली खेतों में चकरोड की पैमाइश कर उन्हें अवैध कब्जों से मुक्त कराया जाए। लेखपालों को निर्देशित किया गया कि जो लोग बार-बार पत्थरगड्डी उखाड़कर कब्जा करने का प्रयास करते हैं, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। उन्होंने धारा-67 के वादों के निस्तारण में तेजी लाने तथा भूमि विवादों में धारा 24, 145, 151, 107/116 और 447 के तहत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

समाधान दिवस के दौरान सारंध्रा नगर सोसायटी के निवासियों ने गंदे पानी की आपूर्ति, बजबजाती नालियों, साफ-सफाई और अनियमित विद्युत आपूर्ति की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने एडीएम नमामि गंगे की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की। समिति में अपर नगर आयुक्त, जल निगम/जल संस्थान के अधिशासी अभियंता और विद्युत विभाग के अधिकारी शामिल किए गए हैं, जो मौके पर जांच कर रिपोर्ट देंगे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में गंदे पानी की आपूर्ति न हो।

समाधान दिवस में बरुआसागर क्षेत्र की नन्हीबाई ने शिकायत करते हुए बताया कि उनके खेत की तार फेंसिंग को मुकेश और राकेश ने उखाड़ दिया तथा मना करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व निरीक्षक और थाना प्रभारी बरुआसागर को मौके पर जाकर दोनों पक्षों से वार्ता कर निस्तारण करने के निर्देश दिए।

वहीं, विकासखंड बबीना के ग्राम खांडी के ग्रामीणों ने बंजर भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान बनाए जाने की शिकायत की। ग्रामीणों का आरोप था कि खाता संख्या 311, खसरा संख्या 169 की बंजर भूमि पर कब्जा किया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने एसओ बरुआसागर को मौके पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी न्याय अरुण कुमार गौड़, आईपीएस विनय कुमार, तहसीलदार सदर विवेक कुमार समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

6 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *