Home » Uncategorized » सम्पूर्ण समाधान दिवस मेंजिलाधिकारी ने अवैध कब्जों व भूमि विवादों पर जताई नाराजगी

सम्पूर्ण समाधान दिवस मेंजिलाधिकारी ने अवैध कब्जों व भूमि विवादों पर जताई नाराजगी

मोंठ
तहसील मोंठ के नवीन सभागार में समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि निस्तारित शिकायतों का मौके पर जाकर स्वयं परीक्षण किया जाए, ताकि शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित हो सके।

समाधान दिवस में 63 शिकायतें प्राप्त हुई है जिसमें राजस्व विभाग की 32 पुलिस की 8 विकास की 6 पूर्ति विभाग की 3 ,विद्युत की 3 तथा अन्य विभागों की 11 शिकायतें प्राप्त हुई है

जिलाधिकारी ने बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस एवं जनसुनवाई मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन/आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के साथ उनकी क्रॉस चेकिंग भी की जाती है। इसलिए सभी अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित करें।

समाधान दिवस में सरकारी, निजी भूमि एवं चक रोड पर अवैध कब्जों से संबंधित अधिक शिकायतें मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। लेखपालों को कार्यशैली में सुधार के निर्देश देते हुए कहा कि टीम गठित कर मौके पर जाकर चकरोड, निजी व सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाए। पैमाइश के बाद पुनः कब्जा करने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने राजस्व कर्मचारियों व अधिकारियों को उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता का गंभीरता से अध्ययन करने की सलाह दी, ताकि भूमि संबंधी प्रकरणों का निस्तारण विधिसम्मत तरीके से हो सके।

जिलाधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत दावे व आपत्तियां 6 फरवरी 2026 तक प्राप्त की जाएंगी। आयोग द्वारा 18 जनवरी, 31 जनवरी एवं 1 फरवरी 2026 को विशेष अभियान तिथियां निर्धारित की गई हैं। इन तिथियों में बीएलओ प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे। जो मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, वे फॉर्म-6 भरकर बीएलओ को जमा कराएं।

समाधान दिवस में नगर पंचायत मोंठ के सेवानिवृत्त कर्मचारी महेश चंद बादल ने उपादान, पेंशन, एरियर व बीमा/पीएफ भुगतान न होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि पुत्री का विवाह 8 फरवरी 2026 को निर्धारित है और आर्थिक संकट के कारण परेशानी हो रही है। जिलाधिकारी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अधिशासी अधिकारी को जांच कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नगर पंचायत के पार्षदों ने नगर पंचायत प्रशासन की प्रणाली तथा निर्माण कार्य को लेकर जिलाधिकारी से शिकायत की है

जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में गरीब, निर्बल व असहाय वृद्ध महिलाओं को ठंड से बचाव हेतु कंबल वितरित किए। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों में स्थापित रैन बसेरों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें, ताकि ठंड से बचने के लिए शरण लेने वालों को कोई समस्या न हो।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधाकर पांडेय, डीएफओ नीरज कुमार आर्या, एसडीएम अवनीश कुमार तिवारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

191 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *