समथर — थाना क्षेत्र के ग्राम बुडेराघाट में नीचे झूलते हाईटेंशन विद्युत लाइन के तार लोगों की परेशानी का सबब बने हुये हैं । दो दिन पूर्व इन नीचे झूलते तारों की चपेट में आकर एक व्यक्ति घायल हो गया । बिजली विभाग से गुहार लगाने के बाबजूद तारों को ऊंचा नहीं कराया जा रहा है । विद्युत विभाग की उदासीनता एवं लापरवाही ग्रामीणों की जान पर भारी पड़ रही है । ग्रामीण बेहद परेशान हैं । ग्राम बुढेरा घाट के अंदर से गुजरी हाईटेंशन विद्युत लाइन के तार पिछले काफी समय से नीचे लटक रहे हैं जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की संभावना बनी हुई है । जानकारी होने के बावजूद बिजली विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है । ग्रामीणों के अनुसार दो दिन पूर्व ग्राम निवासी अवधेश पाल हाईटेंशन लाइन के नीचे लटकते तार से करंट की चपेट में आ गया था जिससे वह बुरी तरह झुलस गया था । घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल लेकर गए, जहाँ उनका उपचार कराया गया । ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को अवगत कराया गया, लेकिन हर बार आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला। न तो लटकते तारों को ऊँचा किया गया और न ही खंभों की मरम्मत कराई गई। बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं के लिए यह स्थिति बेहद खतरनाक बनी हुई है। बरसात के मौसम में तो दुर्घटना की आशंका और भी बढ़ जाती है । ग्रामीणों ने मांग की है कि विद्युत विभाग द्वारा शीघ्र हाईटेंशन लाइन के नीचे लटक रहे तारों को ऊँचा कराया जाय जिससे ग्रामीणों की समस्या का समाधान हो सके ।
एसडीओ हिंसांशु यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है टीम गठित कर जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा
