Home » Uncategorized » समथर कस्बे में आवारा कुत्तों का आतंक, एक सप्ताह में 12 लोग बने शिकार

समथर कस्बे में आवारा कुत्तों का आतंक, एक सप्ताह में 12 लोग बने शिकार

समथर कस्बे में आवारा कुत्तों का आतंक, एक सप्ताह में 12 लोग बने शिकार

समथर। कस्बे में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार हो रही घटनाओं से आमजन में भय का माहौल बना हुआ है। ताजा घटना में एक आवारा कुत्ते ने कस्बे के एक अधेड़ व्यक्ति पर अचानक हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित को हाथ और पैर में गहरे जख्म आए हैं, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार घटना उस समय हुई जब अधेड़ व्यक्ति सुबह टहलने के लिए घर से निकला था। अचानक कुत्ते ने उस पर झपट्टा मार दिया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह कुत्ते को भगाकर व्यक्ति की जान बचाई। इससे एक दिन पूर्व भी इसी क्षेत्र में एक महिला पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया था, जिसमें महिला मामूली रूप से जख्मी हो गई थी।

लगातार हो रही घटनाओं से कस्बेवासियों में दहशत का माहौल है। लोग बच्चों और बुजुर्गों को अकेले बाहर भेजने से कतरा रहे हैं। खासकर सुबह और देर शाम के समय आवारा कुत्तों के झुंड सड़कों पर घूमते देखे जा रहे हैं।

चिकित्सा प्रभारी ने बताया कि बीते कुछ दिनों में कुत्ते के काटने के करीब 12 मरीज इलाज के लिए अस्पताल आ चुके हैं। सभी को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए हैं। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने और काटने की स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचने की अपील की है।

कस्बेवासियों ने नगर पंचायत से आवारा कुत्तों की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो कोई बड़ी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।

34 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *