सफेद मटर का समर्थन मूल्य घोषित करे सरकार
केंद्रीय कृषि मंत्री को गरौठा विधायक ने सौंपा पत्र
किसानों के अन्य मुद्दों पर भी की चर्चा
मोंठ– गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने झांसी पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर किसानों को उनकी उपजों का उचित मूल्य दिलाए जाने को लेकर चर्चा की गरौठा विधायक ने उन्हें मटर की फसल का समर्थन मूल्य घोषित करने को लेकर पत्र भी सौंपा है.
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को दिए पत्र में विधायक जवाहरलाल राजपूत ने बताया कि बुन्देलखण्ड क्षेत्र में अधिकांश किसानों के द्वारा मटर की खेती बहुतायत में की जाती है, लेकिन किसानों को मटर की उपज का मूल्य सही नहीं मिल पाता है. मंडियों में जब किसान मटर (सफेद) की उपज बेचने को ले जाता है तब वहां बहुत कम रेटों पर मटर बिक पाती है, जिससे किसानों को मटर की खेती में नुकसान होता है. किसानों के द्वारा मटर की उपज का समर्थन मूल्य घोषित करने की लम्बे समय से की मांग जा रही है. पत्र में कहा कि यदि मटर की उपज का समर्थन मूल्य केन्द्र सरकार द्वारा घोषित कर दिया जाये और किसानों की मटर की फसल की समर्थन मूल्य पर खरीद प्रारम्भ हो जाये तो किसानों को मटर की खेती में अत्यधिक लाभ प्राप्त होने लगेगा विधायक ने किसान हित में कृषि मंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए सफेद मटर फसल के लिये केन्द्र सरकार से मटर की उपज का समर्थन मूल्य घोषणा कराने की मांग की है।
