झांसी। आयुक्त सभागार में मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा माह के प्रभावी क्रियान्वयन सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार झांसी मंडल के तीनों जनपदों में 1 जनवरी 2026 से सड़क सुरक्षा माह संचालित है। इसके तहत संबंधित विभागों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। पंचायती राज विभाग को विकासखंड स्तर पर बैठकें आयोजित कर ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने तथा लाउडस्पीकर के माध्यम से सड़क सुरक्षा संदेश प्रसारित कराने को कहा गया। साथ ही सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।
लोक निर्माण विभाग को राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी सड़कों पर आवश्यक स्थलों पर टी-जंक्शन मोड़ निर्माण कराने के निर्देश दिए गए। पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान मनरेगा के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विद्यालयों, स्वास्थ्य इकाइयों, अंत्येष्टि स्थलों, खेल मैदानों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों तक 31 मार्च 2026 तक पैदल संपर्क मार्ग निर्माण कराने के निर्देश दिए गए।
पशुपालन विभाग को सड़कों पर विचरण कर रहे आवारा गोवंश को नवनिर्मित गौशालाओं में पहुंचाने के निर्देश दिए गए। श्रम विभाग की समीक्षा में मनरेगा के सहयोग से अधिक से अधिक निर्माण श्रमिकों के पंजीकरण पर जोर दिया गया, ताकि श्रमिकों को विभागीय योजनाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त द्वारा पर्यटन, पशुपालन, डूडा, सहकारिता, मनरेगा, पंचायती राज, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, व्यवसायिक शिक्षा, मंडी परिषद, लघु सिंचाई, श्रम, छात्रवृत्ति, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उद्योग, महिला कल्याण, तकनीकी शिक्षा एवं समाज कल्याण विभागों की प्रगति से अवगत कराया गया। योजनाओं की प्रगति को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
समीक्षा बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त सुरेश चन्द्र केशरवानी, संयुक्त शिक्षा निदेशक राजू राणा, संयुक्त कृषि निदेशक एल.बी. यादव, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या एस.एन. त्रिपाठी, उप निदेशक महिला कल्याण श्रवण कुमार गुप्ता, श्रमायुक्त किरण मिश्रा, उप निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण मोहम्मद तारिक, उप निदेशक उद्यान विनय कुमार यादव, उप निदेशक पंचायती राज अजय आनंद सरोज, उप निदेशक दिव्यांग शिव सिंह, उप निदेशक मत्स्य ज्ञानेंद्र सिंह, उपायुक्त उद्योग मनीष चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
