Home » Uncategorized » सड़क किनारे खुले गड्ढे से हादसे का खतरा, लोगों में आक्रोश

सड़क किनारे खुले गड्ढे से हादसे का खतरा, लोगों में आक्रोश

🛑

मोंठ (झांसी)। कस्बे के कुम्हरार रोड पर सड़क किनारे खोदा गया एक बड़ा और गहरा गड्ढा राहगीरों व वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन गया है। गड्ढा काफी चौड़ा होने के साथ-साथ उसमें मिट्टी और कूड़ा-करकट भी जमा है, जिससे स्थिति और अधिक जोखिमपूर्ण हो गई है।

दिन के समय यह गड्ढा किसी तरह दिखाई दे जाता है, लेकिन रात के अंधेरे में पूरी तरह नजर नहीं आता। ऐसे में यहां से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है।

स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। अचानक सड़क किनारे बने इस गड्ढे के कारण चालक संतुलन खो सकते हैं, जिससे गंभीर हादसा हो सकता है। लोगों ने बताया कि अब तक मौके पर न तो कोई चेतावनी संकेत बोर्ड लगाया गया है, न ही बैरिकेडिंग या प्रकाश की कोई व्यवस्था की गई है।

बुजुर्ग साइकिल सवार गिरा, बाल-बाल बची जान
बीते शनिवार रात एक बुजुर्ग साइकिल चालक इस गड्ढे में गिर गया। आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला। इस घटना के बाद क्षेत्र में डर और आक्रोश का माहौल है।

प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
क्षेत्रवासियों—शियाशरण महाराज, अरविंद कुशवाहा, राजेंद्र, भूपेंद्र सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गड्ढे को जल्द से जल्द भरवाया जाए या उसके चारों ओर मजबूत सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

एसडीएम का आश्वासन
एसडीएम मोंठ अवनीश तिवारी ने बताया कि मामले की जानकारी जल जीवन मिशन के अधिकारियों को दे दी गई है। जल्द ही गड्ढे को भरवाने की कार्रवाई की जाएगी।


2 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *